नयी दिल्ली , अक्टूबर 03 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यमुनापार इलाके में रहने वाले सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा देने के लिए यहां खजूरी खास क्षेत्र में एक केंद्रीय विद्यालय खोला जायेगा।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली विशेषकर यमुनापार के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक शुभ सूचना है। उनके बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा देने के लिए यमुनापार स्थित खजूरी खास क्षेत्र में एक केंद्रीय विद्यालय खुलने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) को जमीन उपलब्ध करा दी है। उन्होंने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा है कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में खोले जा रहे केंद्रीय विद्यालय दिल्ली सहित न केवल भारत के शैक्षणिक परिदृश्य को सशक्त करेंगे, बल्कि लाखों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखेंगे।

उन्होंने बताया कि केवीएस ने दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र में एक नया केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह विद्यालय खजूरी खास में खोला जाएगा। प्रारंभिक रूप से विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विद्यालय के संचालन के लिए भूमि आदि की व्यवस्था संबंधित प्राधिकरण द्वारा कर दी गई है तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा इसे उपयुक्त पाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी ने हमेशा यह माना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही आत्मनिर्भर भारत का सबसे मजबूत स्तंभ है। यही कारण है कि उन्होंने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उसे सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाने पर बल दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित