तेहरान , मार्च 21 -- ईरान ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल फारस की खाड़ी में निजी और यात्री जहाजों पर हमले कर रहे हैं और यदि ये हमले जारी रहे, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा।

ईरान के सैन्य कमान के खतम अल-अन्बिया केंद्रीय मुख्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता इब्राहिम जोलफाघरीके हवाले से ईरानी टीवी चैनल एसएनएन ने कहा, " अमेरिका और इजरायल युद्ध के मैदान में अपनी निरंतर हार और ईरान के सशस्त्र बलों के हमलों का मुकाबला करने में असमर्थता के कारण, फारस की खाड़ी में नागरिक और यात्री जहाजों पर हमला करना शुरू कर दिया है। "प्रवक्ता ने कहा कि यदि अमेरिका और इजरायल इन 'कुत्सित' हमलों को जारी रखते हैं, तो ईरान बदले की गंभीर कार्रवाई करेगा।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने तेहरान सहित ईरान में ठिकानों पर हमले शुरू किये थे, जिससे व्यापक क्षति हुई है और हजारों की संख्या में नागरिक हताहत हुए है। ईरान ने इजरायली क्षेत्र के साथ-साथ पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किये हैं।

अमेरिका और इजरायल ने शुरू में दावा किया था कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संभावित खतरे का मुकाबला करने के लिए यह हमला आवश्यक था, लेकिन उन्होंने जल्द ही स्पष्ट कर दिया कि वे ईरान में सत्ता परिवर्तन देखना चाहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित