शिमला , दिसंबर 02 -- हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम में इस हफ्ते के अंत में बदलाव आने का अनुमान है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) और चक्रीय चक्रवात के प्रभाव से पांच दिसंबर से ताज़ा बारिश और हल्की बर्फबारी की संभावना जतायी है।
मौसम विभाग के प्रात:कालीन बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में पूरी तरह शुष्क मौसम रहा लेकिन वायुमंडलीय स्थितियाें में तेजी से बदलाव हो रहा है।
उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बना हवा का चक्रीय चक्रवात अभी भी सक्रिय है और इसके बाद पांच दिसंबर से एक और कमज़ोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। उत्तर हरियाणा के ऊपर बना चक्रीय चक्रवात भी सक्रिय है जिससे हिमाचल में मौजूदा शुष्क मौसम का दौर समाप्त होने का अनुमान है। मध्य क्षेत्र और पहाड़ियों में ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है।
लाहौल -स्पीति के ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान बन गया। मनाली में पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शिमला में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य पहाड़ियों के कई स्टेशनों पर रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है।
बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता महज़ 50-100 मीटर तक रह गई। आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान और गिरने से कोहरा और घना हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित