मोहाली , मार्च 19 -- पंजाब पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूरे प्रदेश की तरह मोहाली जिले में भी विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और कार्यस्थलों पर गहन तलाशी ली।

इसी कड़ी में गांव शाहिमाजरा में भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए घरों, पीजी और किराए के मकानों की जांच की। यहां रह रहे लोगों, विद्यार्थियों और किरायेदारों की पहचान की गई तथा उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की गई।

इस मौके पर पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी-टीएसएस) राम सिंह ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप हांस, एसपी पृथ्वी सिंह, एसपी दीपिका सिंह और भारी पुलिस बल के साथ ऑपरेशन में हिस्सा लिया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडीजीपी सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पिछले करीब एक वर्ष से नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि कासो के जरिए नशा तस्करों, सप्लायरों और पैडलरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि नशे के आदी लोगों को पुनर्वास के लिए भेजकर एक स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने "ऑपरेशन प्रहार" को सफल बताते हुए कहा कि लोगों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे नशों के खिलाफ लड़ाई को और तेज किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित