मोहाली , मार्च 17 -- पंजाब के मोहाली में घरेलू गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।

उपायुक्त मोहाली आशिका जैन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए विशेष विजिलेंस टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों पर लगातार नजर रखेंगी और अनियमितताओं की जांच करेंगी।

प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यदि किसी उपभोक्ता की बुकिंग के दो दिन बाद भी गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एजेंसियों को तीन दिन से अधिक का बैकलॉग न रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मोहाली की उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी को समय पर सिलेंडर नहीं मिलता है, तो वह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित