मोहाली , अप्रैल 08 -- पंजाब के मोहाली के फेज-7 क्षेत्र में बुधवार को एक बंद पड़ी कोठी में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया, जहां सतर्क स्थानीय लोगों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, फेज-7 में स्थित एक कोठी, जिसके मालिक विदेश में रहते हैं, पिछले कुछ समय से बंद पड़ी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति दीवार फांदकर कोठी के अंदर घुस गया। आसपास के लोगों को जब इस संदिग्ध गतिविधि की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत एकजुट होकर चारों ओर से कोठी को घेर लिया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कोठी का केयरटेकर भी उस समय मौजूद नहीं था। ऐसे में मोहल्ले के लोगों ने समझदारी दिखाते हुए पहले घर की निगरानी की और फिर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से आरोपी को कोठी के अंदर अलमारी (कपबोर्ड) में छिपे हुए हालत में पकड़ लिया गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को पकड़ते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित