मोहाली , फरवरी 28 -- पंजाब में मोहाली जिला प्रबंधकीय कॉम्पलेक्स के बाहर हुए गुरिंदर सिंह हत्याकांड के मख्य आरोपी गौरव उर्फ बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हांस ने शनिवार को प्रेस वाता में यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस ने आज मोहाली जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स के बाहर हुए गुरिंदर सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरव उर्फ बावा को गिरफ्तार कर लिया है आरोपी को तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर जिला मोगा से काबू किया गया है।

गौरतलब है कि गुरिंदर सिंह (निवासी जिला गुरदासपुर) पत्नी अमरदीप कौर के साथ मोहाली अदालत में पेशी पर आए थे। जब वह अपनी कार के पास पहुँचे, तो दो हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना सोहाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि 21 वर्षीय आरोपी गौरव उर्फ बावा पिछले तीन-चार महीनों से विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और उसके साथियों के संपर्क में था। गौरव ने गोल्डी बराड़ के निर्देश पर ही अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने गौरव के भाई प्रिंस को भी गिरफ्तार किया है जो पहले से हत्या के एक मामले में भगोड़ा था और गौरव को छिपने में मदद कर रहा था।

इस मामले में पुलिस पहले ही बलतेज सिंह बंटी और मंगत सिंह मैक्स को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और फरार साथियों का सुराग लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित