मोहाली , अप्रैल 07 -- पंजाब के मोहाली/ खरड़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना के तहत एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने महिला पर कई वार किये, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही महिला के परिजन, विशेषकर उसका भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों के बीच किसी घरेलू विवाद को लेकर न्यायालय में मामला भी चल रहा था, जो इस हमले की वजह माना जा रहा है।
इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आयी है, जिसमें आरोपी को वारदात को अंजाम देते हुए देखाजा सकता है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्जकर लिया गया है, लेकिन अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित