मोहाली , फरवरी 03 -- मोहाली के डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से एक बड़ी कानूनी सफलता मिली है। वृद्धाश्रम (ओल्ड एज होम) के निर्माण को लेकर पिछले 13 वर्षों से चल रही कानूनी लड़ाई के बाद अब गमाडा (जीएमएडीए) द्वारा मोहाली के सेक्टर-78 में तीन एकड़ भूमि आवंटित कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को लेकर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने आज एक प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी साझा की।

प्रेस वार्ता के दौरान डिप्टी मेयर बेदी ने बताया कि इस भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक ओल्ड एज होम का निर्माण किया जाएगा, जिसमें लगभग 150 बुजुर्गों को रहने की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से उनकी देखरेख, भोजन, आवास या चिकित्सा सुविधाओं के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा।

कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि समाज के बुजुर्गों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देना उनकी प्राथमिकता रही है और यह परियोजना उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला समाजसेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित