मोहला-मानपुर , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में एक वाहन के पलटने से रविवार को दो महिला की मौत हो गयी, जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए हैं।

हादसे के समय पीड़ित राजनांदगांव में आयोजित उर्स से लौट रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग -930 पर बीटेझर और पैंदुर के बीच वाहन के अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में चार की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब वाहन चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। शेष घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित