नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मोरारी बापू की रामकथा सेवा, करुणा और राष्ट्र के नैतिक संस्कारों का संदेश देती है।

श्रीमती रेखा गुप्ता गुरुवार को यहां भारत मंडपम में विश्व शांति के लिए आयोजित रामकथा में शामिल हुईं। यह रामकथा सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री मोरारी बापू द्वारा प्रस्तुत की जा रही है। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मोरारी बापू की रामकथा सेवा, करुणा और राष्ट्र के नैतिक संस्कारों का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य आचार्य लोकेश मुनि जी के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक चेतना और अहिंसा की परंपरा को सशक्त करता है। इन संस्थाओं द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवा और लोककल्याण के कार्यों से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने विश्व शांति केंद्र मिशन के लिए अपनी एक माह की वेतन राशि समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने इसे सामाजिक दायित्व और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी विनम्र सहभागिता बताया।

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष राम नाथ कोविन्द ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विश्व शांति मिशन के लिए एक माह का वेतन समर्पित करना एक प्रेरक उदाहरण है। यह रामकथा आयोजन आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित