सहारनपुर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजनौर के राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) सांसद चंदन चौहान की मांग पर मुजफ्फरनगर स्थित मोरना सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन से बढ़ाकर 35 हजार क्विंटल प्रतिदिन करने तथा मिल के विस्तारीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए 261.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
सांसद चंदन चौहान ने शुक्रवार को बताया कि वह जानसठ से विधायक निर्वाचित होने के समय से ही मोरना चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करते आ रहे थे। सांसद बनने के बाद भी उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया। अब राज्य सरकार द्वारा उनकी मांग को स्वीकृति दिए जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उनके लोकसभा क्षेत्र बिजनौर के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
गन्ना आयुक्त ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान में मोरना चीनी मिल को लगभग 18,220 किसान गन्ना आपूर्ति करते हैं। पेराई क्षमता में प्रतिदिन 10 हजार क्विंटल की वृद्धि होने से छोटे किसानों को विशेष रूप से प्रोत्साहन मिलेगा और गन्ना उत्पादन क्षेत्र में विस्तार की संभावना बढ़ेगी।
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में चीनी परता (रिकवरी) का औसत 10.392 प्रतिशत रहा है। भविष्य में इसे पहले वर्ष 11.10 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 11.25 प्रतिशत तथा तीसरे वर्ष 11.50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पेराई क्षमता में वृद्धि और आधुनिकीकरण से चीनी उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
अपर मुख्य सचिव के अनुसार, आने वाले वर्षों में मिल की क्षमता में और वृद्धि की संभावनाएं हैं, जिससे मोरना क्षेत्र के 30 से 35 हजार गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित