सूरजपुर , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध और मोबाइल विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा 95 प्रतिशत तक झुलसी हालत में मिली थी, जिसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां 05 अप्रैल की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि मृतका की पहचान ग्राम गोरखपुर निवासी के रूप में हुई है। आरोपी भूपेंद्र सिंह (19) रामनगर का रहने वाला है और कैटरिंग ठेकेदार के लिए काम करता है। दोनों के बीच 03 अप्रैल से किश्त में खरीदे गए मोबाइल फोन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 03 अप्रैल की रात दोनों साथ थे और 04 अप्रैल की सुबह आईटीआई कॉलोनी के पास भूपेंद्र ने लड़की को छोड़ा था। आईटीआई कॉलोनी से दोनों के घरों की दूरी करीब 500 मीटर है। बताया गया है कि मोबाइल के मालिकाना हक को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। भूपेंद्र अपनी किश्तें चुका चुका था, जबकि लड़की अपने हिस्से की किश्त जमा नहीं कर पा रही थी। इस वजह से भूपेंद्र मोबाइल अपने पास रखना चाहता था।
थाना प्रभारी के मुताबिक, विवाद के दौरान लड़की ने भूपेंद्र को चेतावनी दी थी कि मोबाइल वापस लेने पर वह खुद को आग लगाकर जान दे देगी। इसके बाद, भूपेंद्र के घर छोड़ने के कुछ देर बाद लड़की ने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। मोना के पास पेट्रोल होने की जानकारी प्रेमी भूपेंद्र को थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित