कानपुर , जनवरी 10 -- कानपुर के जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्रों को मोबाइल फोन से परहेज करने और ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्य्यन करने की सलाह दी है।

श्री सिंह ने शनिवार को विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर नई पहल की। वह स्वयं चलकर सुप्रसिद्ध साहित्यकारों के द्वार पहुंचे। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित व उप्र हिंदी संस्थान से साहित्य भूषण समेत दो सम्मान पा चुके साहित्यकार डा. ओम प्रकाश शुक्ल अमिय व वीर रस की धारा के विलक्षण कवि व 22 पुस्तकें लिख चुके डा. राम नरेश चौहान से मुलाकात की।

साहित्यकार अमिय के केशव नगर स्थित घर पर हुई भेंट में उन्होंने कहा कि मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर छात्र-छात्राएं किताबें और अखबार पढ़ें। इससे भावी पीढ़ी शब्द शैली में सुधार करने, लेखन व तनाव से मुक्ति पाने के साथ समाज को एकसूत्र में बांधने में आगे बढ़ सकेगी। हिंदी साहित्य ही सीखने का बेहतर विकल्प है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस दिशा में काम करना चाहते हैं। साहित्यकार समाज की बड़ी पूंजी हैं। इन्हें संजोकर और इनके लेखन से सीखकर दिशा देने का काम करना है। साहित्य समाज का आईना है। समाज को अज्ञानता के अंधेरे से ज्ञान के उजाले की ओर ले जाता है। साहित्यकारों ने देश में ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी साहित्य का परचम लहराया है।

डा. ओम प्रकाश शुक्ल 'अमिय' के केशव नगर स्थित "कविताई भवन" निवास पर जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कहा कि यह साहित्यिक आदान-प्रदान अत्यंत अच्छे व उल्लास पूर्ण वातावरण को आगे बढ़ाएगा। इसके पीछे उद्देश्य साहित्यकारों की प्रतिष्ठा व उनके सम्मान को सबके सामने लाना है। डा. ओमप्रकाश ने आधा दर्जन से अधिक देशों में अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर हिंदी को सार्वभौमिक करने में अपना महती योगदान प्रदान किया है। नेपाल, मारीशस, इंडोनेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया तक हिंदी का परचम फहराया है। अमिय मूलरूप से अवधी हास्य व्यंग के रचनाकार हैं, लेकिन लगभग हर विधा में उनकी रचनाएं प्रकाशित हुईं। ब्रज भाषा में प्रकाशित रचना उद्धव चुपाए रहौ बहुत अधिक साहित्यिक रूप से पसंद की गई। इसके साथ ही बड़ा मजा आई हास्य व्यंग्य रचना भी लोगों की जुबान पर चढ़ी है। मारीशस संस्मरण की पुस्तक 'हमहू मारीशस पहुंचे जाए', 'कैसे-कैसे रूप रंग की सवारी जिंदगी' पुस्तकें प्रकाशित हैं। जल्द उनकी महाकुंभ पर एक पुस्तक प्रकाशित होने वाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित