सरगुजा , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा औषधि विक्रेता संघ ने रिटेल केमिस्ट से जुड़ी मोनोपॉली प्रोडक्ट्स एवं पीजी कंपनियों की दवाओं की सीमित उपलब्धता के मुद्दे को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। संघ ने इस समस्या के जन स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की है।

इसी क्रम में संघ के पदाधिकारियों ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), अंबिकापुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. अजय तिर्की एवं उपाध्यक्ष डॉ. अजय गुप्ता से मंगलवार को शिष्टाचार भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रिटेल केमिस्ट की समस्याओं तथा दवाओं की सीमित उपलब्धता से उत्पन्न जन स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

संघ के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, सचिव अजय पाठक, कोषाध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव सहित रवीन्द्र प्रताप सिंह टूटेजा, विजय अग्रवाल, नवीन अग्रवाल एवं सचिन केडिया इस अवसर पर मौजूद रहे।

संघ के अनुसार, वर्तमान में कई आवश्यक दवाएं मुख्यतः हॉस्पिटल फार्मेसी तक सीमित हैं, जिससे अन्य रिटेल केमिस्ट को उनकी उपलब्धता में कठिनाई हो रही है। इस पहल का उद्देश्य इन दवाओं की व्यापक उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है।

संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित अधिकारियों एवं संगठनों के सहयोग से यह प्रयास सकारात्मक परिणाम देगा और रिटेल केमिस्ट के हितों के साथ-साथ जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार सुनिश्चित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित