खरगोन , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र की रहने वाली और महाकुंभ मेले के दौरान वायरल वीडियो से चर्चा में आई मोनालिसा द्वारा केरल में अपने प्रेमी फरमान खान से मंदिर में विवाह करने के बाद उसका परिवार हैरान और परेशान है।

मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने बताया कि दो मार्च को कुछ लोग केरल से महेश्वर आए थे और उन्होंने उनकी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने तथा अभिनय का प्रशिक्षण देने का भरोसा दिया था। उनके अनुसार वे भी बेटी के साथ केरल गए थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद मोनालिसा उनसे दूर रहने लगी और बाद में उसी समूह के युवक फरमान खान से विवाह कर लिया।

जयसिंह ने बताया कि उन्होंने इसका विरोध किया और बेटी को घर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि वे केरल के संपन्नूर पुलिस स्टेशन भी पहुंचे थे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बताया कि मोनालिसा बालिग है और अपनी इच्छा से विवाह करने के लिए स्वतंत्र है।

मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने कहा कि उनकी भतीजी हाल ही में 18 वर्ष की हुई है। उनका आरोप है कि केरल से आए लोग उसे अभिनय के नाम पर अपने साथ ले गए थे। उन्होंने आशंका जताई कि उस पर किसी तरह का प्रभाव डाला गया होगा, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब जो उसके भाग्य में होगा वही होगा।

परिवार के अनुसार मोनालिसा का सपना भविष्य में एक स्कूल खोलने का था। बताया गया कि वह उज्जैन में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ अभिनय का प्रशिक्षण ले रही थी।

इस संबंध में महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि मोनालिसा के परिजनों ने उनसे संपर्क किया था, जिसके बाद संबंधित पुलिस स्टेशन से बात कर उसकी लोकेशन की जानकारी लेने का प्रयास किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित