फर्रुखाबाद , अप्रैल 28 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 अप्रैल को हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हरदोई रैली में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं तथा जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों की समीक्षा की।

श्री लोधी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और इसके अंतर्गत हरदोई जनपद के मल्लावां में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में फर्रुखाबाद जनपद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की तैयारी की गई है।

उन्होंने बताया कि जिले से 15 हजार कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक मंडल से कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। बसों से जाने वाले कार्यकर्ता हुल्लापुर चौराहे से रवाना होंगे, जबकि निजी वाहनों से जाने वाले कार्यकर्ता कन्नौज मार्ग से रैली स्थल पहुंचेंगे। सभी कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

प्रदेश मंत्री ने बताया कि नवनियुक्त जिला कार्यसमिति की बैठक 1 मई से 5 मई के बीच आयोजित होगी। इसके बाद 15 मई के पश्चात दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों को भाजपा के संगठन विस्तार और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के लिए प्रदेश संगठन द्वारा वक्ताओं की नियुक्ति की जा चुकी है और तिथियों की घोषणा शीघ्र कर दी जाएगी।

जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि मल्लावां में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे 'अनु', अभिषेक बाथम, जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, पंकज पाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत तथा जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित