नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां 'एआई इम्पैक्ट समिट' के अवसर पर कज़ाख़स्तान के प्रधानमंत्री ओल्झास बेक्टेनोव से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने एआई सम्मेलन में प्रधानमंत्री बेक्टेनोव की भागीदारी की सराहना की जो सामाजिक कल्याण और आर्थिक विकास के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।

श्री मोदी ने बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा , " प्रधानमंत्री ओल्झास बेक्टेनोव और मेरी आज मुलाकात हुई। उनकी यह यात्रा भारत-कज़ाख़स्तान सामरिक साझेदारी को और गहरा करेगी। व्यापार, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, दुर्लभ धातुएँ, रक्षा, कनेक्टिविटी और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हम अपनी मित्रता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए साथ मिलकर कार्य करते रहेंगे।"भारत और कजाकिस्तान के बीच 1990 के दशक से ही मजबूत और रणनीतिक संंबंध रहे हैं जो मुख्य रूप से 2009 से एक-दूसरे के रणनीतिक साझेदार हैं। कजाखस्तान मध्य एशिया में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित