नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात और आठ फरवरी को दो दिन की यात्रा पर मलेशिया की राजधानी क्वालालंपुर जायेंगे।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि श्री मोदी वहां मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के लोगों, स्थानीय उद्योगपतियों और कारोबारियों से भी मिलेंगे। वह 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम में भी शिरकत करेंगे जिसमें विभिन्न कंपनियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद होंगे।

प्रधानमंत्री श्री इब्राहिम के निमंत्रण पर क्वालालंपुर जा रहे हैं। यह उनकी तीसरी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के "वृहद रणनीतिक स्तर तक उन्नयन के बाद" पहली मलेशिया यात्रा है।

मलेशिया के साथ भारत की पुरानी मित्रता रही है जो दोनों देशों के साझा ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित है। वहां भारतीय मूल के 29 लाख लोग रहते हैं।

मंत्रालय ने बताया कि भारत और मलेशिया के बीच बहुआयामी संबंध हैं। श्री मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के समक्ष व्यापार एवं निवेश, रक्षा, सुरक्षा और सामुद्रिक मसलों पर सहयोग जैसे द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा का अवसर होगा। वह डिजिटल एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों पर भी चर्चा कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित