दरभंगा , मार्च 29 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिन वादी (भाकपा-माले) पोलित ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने रविवार को कहा कि चार श्रम संहिताओं के जरिये मोदी सरकार ने मजदूरों की उस आजादी को छीन लिया है, जिसे आजादी से पूर्व और आजादी के बाद ऐतिहासिक संघर्षों से हासिल किया गया था।
श्री झा ने भाकपा-माले के 13वें जिला सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकर ने यूनियन बनाने, हड़ताल करने, वाजिब मजदूरी, वेतन मांगने के अधिकारों में कटौती करने के साथ काम के मनमाने घंटे तय करने के प्रावधान बनाये हैं। उन्होंने कहा कि जोर जबरदस्ती से किसानों की जमीन छीनी जा रही है और दलित गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। दलितों, वंचितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर हमले बढे हैं और पूरा तंत्र हमलावरों के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों पर बढ़ते हमले, मनरेगा की ह्त्या और 04 श्रम संहिताओं के खिलाफ पंचायतों और वार्डों में साप्ताहिक मई दिवस मनाया जायेगा और 20 मई को मनरेगा मजदूरों की संयुक्त राष्ट्रीय हड़ताल होगी।
भाकपा- माले नेता ने कहा कि रोजगार मांग रहे युवाओं पर सरकार लाठियां भांज रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के निजीकरण के जरिये एकतरफ जहाँ शिक्षा अधिकार पर हमले किये जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ भेदभाव और अभिवन्चना को संस्थागत मान्यता देने के लिए यूजीसी एक्ट का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समग्रता में भाजपा की फासीवादी सरकार देश के संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों को समाप्त कर कॉर्पोरेट मनुवादी तानाशाही स्थापित करना चाहती है।
सम्मेलन के राज्य पर्यवेक्षक सह पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि बिहार के अन्दर भाजपा - जदयू की सरकार बनते ही गरीबों पर बुलडोजर अभियान की शुरुआत हो गई है। जहां एक तरफ गरीबों 3 डिसमिल जमीन देने का घोषणा सरकार कर रही है वहीं, दूसरी तरफ लगातार बिहार के अन्दर गरीबों को उजाड़ने वाले नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार के अन्दर दलित गरीबों को एकजुट कर गरीब बसाओ आंदोलन की शुरुआत की जायेगीं।
भाकपा(माले) जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने बताया कि पार्टी का 12वाँ राज्य सम्मेलन 16 -18 मई को दरभंगा में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला कमिटी इसकी मेजबानी करेगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन मिथिलांचल की राजनीति को वामपंथी दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित