नयी दिल्ली , अप्रैल 03 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाने को सामान्य कार्रवाई बताते उनके बयान पर पलटवार करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह देश और पार्टी से जुड़े मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) या मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से क्यों डर रहे हैं?पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राघव चड्ढा के मुद्दे पर कहा, "यह पार्टी का फैसला है। पार्टियां इस तरह के फैसले लेती रहती हैं। संसद में अपना नेता और उपनेता बदलती रहती है। जब मैं पहली बार चुनाव जीता तो उस समय पार्टी ने डॉ. गांधी को नेता बनाया। कुछ समय बाद मैं भी पार्लियामेंट बोर्ड का नेता बना। यह पार्टी का निर्णय है। ऐसे छोटे-छोटे निर्णय होते रहते हैं। कई बार लोकसभा और राज्यसभा में सभी विपक्षी पार्टियों को एकमत में फैसला लेना होता है। जैसे सदन से बहिर्गमन करना या सरकार की नीतियों का विरोध करना हो। अगर कोई व्यक्ति इन सामूहिक फैसलों का समर्थन नहीं करता है और पार्टी लाइन के विपरित जाता है तो फिर वह पार्टी के व्हिप के खिलाफ है। कोई भी पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाएगा, तो उस पर कार्रवाई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित