कोलकाता , दिसंबर 19 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के नदिया में करीब 3,200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री मोदी पश्चिम बंगाल में करीब 3,200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह नदिया जिले में एनएच-34 के बरजागुली - कृष्णानगर सेक्शन के 66.7 किलोमीटर लंबे 4-लेन का उद्घाटन करेंगे, जबकि उत्तर 24 परगना जिले में एनएच-34 के 17.6 किमी लंबे बारासात-बरजागुली सेक्शन के फोर लेन का शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच सम्पर्क सूत्र को मजबूत बनाएंगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "श्री मोदी शनिवार सुबह 10 बजे नदिया के राणाघाट सबडिवीजन के तहत ताहिरपुर में नेताजी पार्क में एक रैली करेंगे। इस दौरान वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लोगों की चिंताओं को दूर करेंगे।"उन्होंने कहा, "भाजपा लोगों, खासकर नामाशूद्रों को यह भरोसा दिला सकती है कि मतदाता सूची से किसी भी शरणार्थी का नाम नहीं हटाया जाएगा।"गौरतलब है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब एसआईआर की प्रक्रिया ने मतुआ समुदाय में बड़े पैमाने पर चिंता पैदा कर दी है, जो नदिया और पड़ोसी जिलों में शरणार्थी समूह है, राणाघाट को राज्य में सबसे बड़े मतुआ-बहुल क्षेत्रों में से एक माना जाता है।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों के साथ नयी दिल्ली में हुई एक गुप्त बैठक के दौरान श्री मोदी के दौरे की योजना बनी। रिपोर्ट के अनुसार बैठक के दौरान सांसदों ने प्रधानमंत्री को एसआईआर को लेकर मतुआ समुदाय में फैल रहे डर और अविश्वास के बारे में बताया। वहीं, श्री मोदी ने भरोसा दिलाया कि वह राणाघाट रैली में सीधे तौर पर इन चिंताओं को दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक इन आशंकाओं को तुरंत दूर नहीं किया जाता, तब तक पार्टी को 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले मतुआ बहुल सीटों पर गंभीर चुनावी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित