नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाॅ. पैट्रिक हर्मिनी को सेशेल्स का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी एवं उनके कार्यकाल में सफलता की कामना की।
श्री मोदी के डॉ. हर्मिनी को भेजे गए बधाई संदेश में भारत और सेशेल्स के बीच गहरे संबंधों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें हिंद महासागर की साझा विरासत और दोनों देशों के लोगों की पारस्परिक आकांक्षाओं पर ज़ोर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने ''एक्स'' पर लिखा, "हिंद महासागर का जल हमारी साझा विरासत है और हमारे लोगों की आकांक्षाओं और ज़रूरतों को पोषित करता है।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. हर्मिनी के नेतृत्व में द्विपक्षीय संबंधों को और गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री का बधाई संदेश सेशेल्स के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। राष्ट्रीय एकता, आर्थिक पुनरुत्थान और क्षेत्रीय साझेदारी को मज़बूत करने पर केंद्रित डॉ. हर्मिनी के राष्ट्रपति पद के कार्यकाल से भारत-सेशेल्स संबंधों के और प्रगाढ़ होने की उम्मीद है। दोनों देशों ने ऐतिहासिक रूप से समुद्री सुरक्षा, विकास परियोजनाओं और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. हर्मिनी ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में 52.7 प्रतिशत मत प्राप्त कर निर्णायक जीत हासिल की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित