नयी दिल्ली , नवम्बर 28 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में चक्रवाती तूफान दितवा के कारण हुई तबाही में अपने परिजनों को खोने वाले श्रीलंका के लोगों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ने निकटतम समुद्री पड़ोसी के प्रति एकजुटता जताते हुए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तुरंत राहत सामग्री और महत्वपूर्ण मानवीय सहायता भेजी है। स्थिति को देखते हुए भारत अतिरिक्त सहायता प्रदान करने के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत श्रीलंका के साथ दृढता से खड़ा है।

रिपोर्टों के अनुसार 'दितवा' ने श्रीलंका में भीषण तबाही मचाई है तथा अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 21 लोग लापता और 14 घायल हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार चक्रवाती तूफान से करीब 50 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

श्री मोदी ने पोस्ट में कहा," चक्रवात दितवा के कारण अपने प्रियजनों को खोने वाले श्रीलंका के लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, सुकून और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अपने निकटतम समुद्री पड़ोसी के साथ एकजुटता में, भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत राहत सामग्री और महत्वपूर्ण सहायता तुरंत भेजी है। स्थिति के विकसित होने पर हम और अधिक सहायता एवं मदद प्रदान करने के लिए तैयार हैं।

भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और विज़न महासागर के मार्गदर्शन में, भारत जरूरत की इस घड़ी में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।"उल्लेखनीय है कि भारत ने श्रीलंका को मदद पहुंचाने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित