नयी दिल्ली , मार्च 09 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह के साथ सोमवार को बात की और उन्हें संसदीय चुनाव में शानदार जीत की बधाई दी।
श्री मोदी ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में भारत-नेपाल संबंध नयी ऊंचाइयों को छुएंगे।
बातचीत के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, " श्री रबी लामिछाने, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष और श्री बालेन्द्र शाह, आरएसपी के वरिष्ठ नेता, के साथ टेलीफोन पर गर्मजोशी भरी बातचीत हुई।"उन्होंने कहा, "दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और नेपाल के चुनावों में आरएसपी की शानदार सफलता पर बधाई दी। उनकी आगामी नई सरकार के लिए शुभकामनाएँ दीं और हमारे दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और कल्याण के लिए उनके साथ काम करने के भारत के संकल्प को दोहराया।"प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में भारत-नेपाल संबंध नयी ऊंचाइयों को छुएंगे।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के संसदीय चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को शानदार जीत मिली है और वह करीब दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
श्री मोदी ने इससे पहले नेपाल में चुनाव संपन्न होने के बाद वहां सफल चुनाव के लिए नेपाल की सरकार तथा जनता को बधाई तथा शुभकामनाएं दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित