नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा भारत की अटूट आस्था, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान का दिव्य उत्सव है।

श्री मोदी ने उत्तराखंड देवभूमि में श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनांए देते हुए यात्रा के लिए आने वाले श्रृद्धालुओं के नाम पत्र लिखकर पांच संकल्प लेने की अपील की है।

उन्होंने कहा है कि इन तीर्थयात्राओं से देश की शाश्वत विरासत और आध्यात्मिक चेतना के दर्शन होते हैं।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में अपना यह पत्र साझा किया है।

श्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा है ," देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं।इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। हर-हर महादेव!"पत्र में उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाये रखने, नदियों की सफाई में योगदान, प्लास्टिक का उपयोग न करने, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प लेने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित