नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री तो लाम को वियतनाम का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है और कहा है कि वह उनके साथ मिलकर दोनों देशों की प्रगति तथा समृद्धि के लिए काम करेंगे।

श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, " वियतनाम समाजवादी गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में श्री तो लाम के चुनाव पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी मित्रता और भी मजबूत होगी। मैं अपने लोगों और क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि के लिए हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।"श्री लाम वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव हैं और उन्हें सर्वसम्मति से वियतनाम के राष्ट्रपति के रूप में चुना गया है। वह 2026 से 2031 की अवधि के लिए राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा करेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही वियतनाम में दशकों पुरानी 'सामूहिक नेतृत्व' की परंपरा का अंत हो गया है, क्योंकि अब पार्टी प्रमुख और राष्ट्रपति पद एक ही व्यक्ति (तो लाम) के पास आ गए हैं, जिससे वह वियतनाम के सबसे शक्तिशाली नेता बन गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित