अंबिकापुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम द्वारा शुरू किए गए देश के पहले 'गार्बेज कैफे' ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान इस अनोखी पहल की सराहना की, जहां एक किलो प्लास्टिक कचरा लाने पर भरपेट भोजन और आधा किलो प्लास्टिक पर नाश्ता उपलब्ध कराया जाता है।
अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने प्रधानमंत्री के सम्मानजनक उल्लेख पर खुशी जताते हुए कहा,"यह पहल नगर निगम अंबिकापुर के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री जी द्वारा इस पहल की सराहना से हमारे स्वच्छता दीदियों और नगर निगम के सभी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है। हम इस पहल को और विस्तार देने का काम करेंगे।"यह 'गार्बेज कैफे' अंबिकापुर के प्रतीक्षा बस स्टैंड पर खोला गया है, जहां अब तक सैकड़ों किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जा चुका है। नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, प्रति माह लगभग 1800 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा कैफे में प्राप्त हो रहा है। इस पहल की सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सरगुजा जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से भी लोग कुरियर के माध्यम से प्लास्टिक कचरा भेज रहे हैं।
कैफे की प्रबंधक ज्ञानलता कुजूर ने बताया,"लोग बड़े उत्साह से इस पहल में भाग ले रहे हैं। हम दिन में दो बार ताजा और स्वादिष्ट भोजन परोसते हैं। यह देखकर खुशी होती है कि लोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अच्छा भोजन भी प्राप्त कर रहे हैं।"अंबिकापुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में पहले भी कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस 'गार्बेज कैफे' की शुरुआत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी लेकिन वर्तमान प्रशासन ने इसे और सफलतापूर्वक संचालित किया है। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यह मॉडल अब देश के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से न केवल प्लास्टिक कचरे का समुचित निपटान हो रहा है, बल्कि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता भी बढ़ रही है।
इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में राज्य के नवाचारों और माओवाद उन्मूलन के संकल्प का उल्लेख होना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। अंबिकापुर के 'गार्बेज कैफे' और भारतीय नस्ल के श्वानों की उपलब्धि का विशेष उल्लेख किए जाने पर इसे पूरे प्रदेश के लिए सम्मान बताया।
श्री साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के शांति नगर में 'मन की बात' के 127वें संस्करण का श्रवण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित