जालंधर , फरवरी 01 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आदमपुर हवाईअड्डे का नाम बदल कर श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट रखे जाने की औपचारिकता पूरी की।
श्री मोदी ने हवाईअड्डे पर श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट की नाम पट्टिका का बटन दबाकर अनावरण किया और इसी के साथ ही यह आदमपुर हवाईअड्डा श्रीगुरु रविदास एयरपोर्ट हो गया। श्री मोदी संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के मौके पर नतमस्तक होने के लिए जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां पहंचे हैं।
श्री मोदी ने आमदमुर हवाई अड्डे से ही लुधियाना स्थित हलवारा हवाईअड्डे की टर्मिनल बिल्डिंग का भी वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। यह टर्मिनल बिल्डिंग राज्य के लिए एक नया गेटवे बनाएगी, जो लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों की ज़रूरतों को पूरा करेगी। हलवारा मेंरणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भारतीय वायु सेना स्टेशन भी है।
लुधियाना में पहले वाले हवाईअड्डे का रनवे छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए उपयुक्त था। संपर्क बेहतर बनाने और बड़े विमानों को जगह देनेके लिए, हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसका रनवे लंबा है और ए320-प्रकार के विमानों को संभालने में सक्षम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित