नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के आनंदपुर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर शोक संदेश में शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के आनंदपुर में हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएँ और प्रार्थना है कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित