नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के 'बागुरुम्बा ड्व्हौ' लोक नृत्य को लेकर गत सप्ताहांत से अचानक वैश्विक स्तर पर लोगों में अचानक जबरदस्त रुचि और उत्कंठा उत्पन्न करवा दी है।

इस रंगारंग नृत्व को अकेले प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 20 करोड़ से ज़्यादा बार देखा जा चुका है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसको देखे जाने का एक चार्ट जारी करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में गूगल पर बागुरुम्बा नृत्य के लिये वैश्विक स्तर पर लोगों का 'सर्च' इस समय सबसे ऊंचे स्तर पर है।

गौरतलब है कि श्री मोदी ने पिछले शनिवार को गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में बोडो समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने वाले एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, 'बागुरुम्बा ड्व्हौ-2026' में भाग लिया था। उन्होंने इस कार्यक्रम की बहुत सी झलकियां सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा कीं।

उन्होंने अपनी टिप्पणियों की कड़ी में लिखा, "बागुरुम्बा ड्व्हौ कार्यक्रम के लिये गुवाहाटी में अपनी बहनों और भाइयों के बीच होना एक ऐसा अनुभव है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। इस कार्यक्रम में शानदार बोडो संस्कृति को दिखाया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।"उन्होंने इसी तरह लिखा, ""बोडो संस्कृति और परंपराओं का जश्न मनाने वाले कार्यक्रम में शामिल होकर गर्व महसूस हो रहा है! हमारे लिये असम की संस्कृति पूरे देश का गौरव है। राज्य की समृद्ध विरासत और उसके महान व्यक्तित्वों का सम्मान करना सौभाग्य की बात है।""असम सरकार ने शनिवार को महान संस्कृतिकर्मी रूपकंवर ज्योति प्रसाद अग्रवाल की पूण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह तिथि असम में 'शिल्पी दिवस' के रूप में मनायी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित