नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत के व्यापारिक परिदृश्य में ऐतिहासिक और तेज परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
श्री गोयल ने यह बात सोमवार शाम को वाणिज्य भवन में कैट के एक प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कही। यह प्रतिनिधि मंडल चांदनी चौक से सांसद एवं कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में गया था।
श्री गोयल ने कहा कि जहां एक ओर देश का आंतरिक व्यापार अभूतपूर्व रूप से सशक्त हुआ है, वहीं दूसरी ओर वैश्विक बाज़ार भारतीय उत्पादों के लिए नए-नए अवसर खोल रहा है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को छूने की दिशा में अग्रसर है।
श्री गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी के भारतीय वस्तुएं बेचो और खरीदो के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कैट द्वारा एक से चार मई तक नयी दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में देश के अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के व्यापार एवं उद्योग तथा सेवाओं की क्षमता, सामर्थ्य और शक्ति को देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सामने प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेगा।
श्री गोयल ने इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए अपने मंत्रालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि यह आयोजन देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
श्री गोयल ने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया और लोकल टू ग्लोबल विज़न को मजबूती प्रदान करेंगे और भारत की विनिर्माण क्षमता एवं नवाचार को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में अहम सिद्ध होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित