जयपुर , मई 04 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया है।

डॉ पूनियां ने पश्चिम बंगाल, असम सहित तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी सरकार के कुशासन में भय, भ्रष्टाचार और हिंसा के माहौल से मुक्ति और विकास एवं सुशासन की दिशा में आगे बढ़ना चाहती थी। इसी भावना के चलते जनता ने भाजपा को प्रचंड समर्थन और आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की यह प्रचंड जीत विश्व के लोकप्रिय नेता एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के प्रति निरंतर जनविश्वास और मजबूत नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के बाद देश में भाजपा शासित राज्यों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। असम में भाजपा सरकार की वापसी और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का दोबारा बनना इस बात का प्रमाण है कि जनता भाजपा की नीतियों पर भरोसा जता रही है, जो लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की जीत है और पश्चिम बंगाल के मतदाताओं ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और दमन की राजनीति को नकारते हुए विकास और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत, जनधन, पीएम किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और आधारभूत ढांचे के विकास का व्यापक प्रभाव देशभर में देखने को मिल रहा है, सभी वर्गों को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि विभिन्न राज्यों में जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने बंगाल, असम और अन्य राज्यों की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरी तरह से जनता को समर्पित है। पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाती रहेगी।

डॉ पूनियां ने कहा कि अब देश में विचार के नाते राष्ट्रवाद को पूरे तरीके से भारत की जनता ने स्थापित कर दिया है। पार्टी लगातार चुनाव इसलिए जीतती है कि धरातल पर कार्यकर्ता कार्य करते हैं, पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मेहनत करते हैं और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात की प्रेरणा हैंl उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का पगफेरा भी अच्छा साबित हुआ है और यह चुनाव हर लिहाज से भाजपा के वैचारिक उत्थान के लिए भी अच्छा है। उन्होंने कहा कि यह सुशासन के मॉडल की जीत है और अतिवाद की हार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित