चंडीगढ़ , फरवरी 06 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पंजाब देश का अग्रणी राज्य बनेगा। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ जमीन पर उतरेंगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के पंजौला गांव में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने विकास और सुशासन का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला है और यही मॉडल पंजाब को भी नई दिशा दे सकता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है। किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाता है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मुआवजा भी सीधे किसानों को दिया जाता है जिससे किसान सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। संकल्प पत्र में किए गए वायदों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार अपने वादों को पूरा नहीं कर पाई है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य आवास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा में आयुष्मान-चिरायु योजना से लाखों लोगों को मुफ्त इलाज मिला है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार से चुनावी वायदों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि जनता अब सच्चाई जानना चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित