उज्जैन , अक्टूबर 28 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से बदल रहा है। भारतीय जनता पार्टी नगर द्वारा उज्जैन दक्षिण विधानसभा में "आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 2025" के अंतर्गत कालिदास अकादमी में आयोजित विधानसभा सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अब देश में "चिप्स से लेकर चंद्रयान तक" सब कुछ स्वदेशी बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले स्वदेशी का मतलब केवल खादी और कपड़े तक सीमित था, लेकिन आज मोदी जी के नेतृत्व में सुई से लेकर जहाज, चंद्रयान, रेल के डिब्बे और मोबाइल फोन तक भारत में निर्मित हो रहे हैं। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि उज्जैन अब मेडिकल कॉलेज के साथ साइंस सिटी के रूप में भी विकसित हो रहा है, वहीं इंजीनियरिंग कॉलेज के पास आईटी पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास का वैश्विक आदर्श बन चुका है और मध्यप्रदेश में भी कोई क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में मिलावट के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। इंदौर में नई फूड लेबोरेटरी का उद्घाटन किया गया है और अब प्रत्येक संभाग में खाद्य पदार्थों और दवाओं की शुद्धता जांचने के लिए प्रयोगशालाएँ स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि 1956 से 2003 तक प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2023 तक बढ़कर 16 हो गए हैं। अब सरकारी और निजी क्षेत्र मिलाकर यह संख्या 50 तक पहुंच जाएगी। इस अवसर पर नवनियुक्त भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती लता वानखेड़े का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसकी नींव आत्मनिर्भर भारत पर टिकी है। हमें स्वदेशी अपनाना होगा, ताकि "घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी" का नारा साकार हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित