देहरादून, अप्रैल 13 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे को लेकर परिवहन विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर परिवहन विभाग ने कुल करीब 2350 वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। इनमें से करीब 1650 वाहनो को जनपद देहरादून से जबकि 700 वाहन जनपद हरिद्वार से उपलब्ध कराए गए हैं।
परिवहन विभाग ने सोमवार को बताया कि इन वाहनों का उपयोग सिर्फ विभिन्न लाभार्थियों के आवागमन के लिए किया है। इसके अलावा सभी यूनियनों द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों का इस आयोजन में प्रभावी रूप से उपयोग किया जाएगा।
वाहनों की ईंधन आपूर्ति, वाहन चालकों के साथ समन्वय एवं समयबद्ध संचालन एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे परिवहन विभाग द्वारा कुशल प्रबंधन एवं समन्वय के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। विभाग द्वारा सभी लाभार्थियों हेतु समय पर वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
पूरे प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु परिवहन विभाग की तीन टीमों का गठन किया गया। जनपद देहरादून में एआरटीओ विकासनगर, एआरटीओ देहरादून एवं एआरटीओ ऋषिकेश द्वारा तथा जनपद हरिद्वार में एआरटीओ रुड़की एवं एआरटीओ हरिद्वार द्वारा वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित