देहरादून , नवंबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया है। शुक्रवार को पुलिस ने जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से रह रही दो बंगलादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं के फोन से बंगलादेशी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार महिलाओं ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दोनों अलग-अलग समय में सीमा पार करते हुए भारत में घुसी थीं। जिसके बाद वहां अलग-अलग जगह पर रहते हुए दिल्ली में एक दूसरे से मिलीं, जहां से वह दोनों देहरादून पहुंची। इनमें से एक महिला ने भारतीय नागरिक धर्मवीर से शादी की थी। जो टैक्सी चालक है।

वहीं दोनों आरोपी महिलाएं उसकी टैक्सी से देहरादून पहुंची थीं। जानकारी के अनुसार आरोपी महिला ने भारत में रहने के लिए टैक्सी ड्राइवर को अपने जाल मे फंसाया, शादी करने के बाद दोनों की (एक वर्षीय) बेटी भी है।

वहीं दूसरी महिला ने सहारनपुर के रहने वाले सलमान से विवाह किया था, और उसे मॉल में काम करने वाली बात कर शादी कर ली थी। जिनका 10 माह का बेटा भी है। देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पूर्व में भी देहरादून में अवैध रूप से रह रहे सात बंगलादेशी नागरिकों पर मामला दर्ज कर सभी को जेल भेजा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित