जयपुर , मार्च 23 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रसेवा के 8931 दिन पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है और उनका नेतृत्व देश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है।
श्री राठौड़ ने श्री मोदी की राष्ट्रसेवा की इस उपलब्धि पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का नेतृत्व भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में सर्वाधिक समय तक सेवा देकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है और उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री के रूप में 8931 दिनों की सेवा के साथ देश के सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ही गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव है। उन्होंने चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री तथा तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
श्री राठौड़ ने कहा कि श्री मोदी ने वर्ष 2025 में बतौर प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के 4077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पार कर लिया था। उन्होंने श्री मोदी को उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित