नयी दिल्ली , मार्च 05 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से "कृषि और ग्रामीण परिवर्तन" विषय पर आयोजित बजट बाद वेबिनार को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस विषय के अंतर्गत आठ अलग-अलग वेबिनार सत्र आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें पहला कृषि, दूसरा पशुपालन और डेयरी, तीसरा मत्स्य पालन और चौथा ग्रामीण आजीविका है।
यह वेबिनार उच्च मूल्य आधारित कृषि को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा जिसमें काजू, नारियल, चंदन, अगरवुड, बादाम, अखरोट और पाइन नट्स जैसी फसलों की संभावनाओं को विकसित करने पर चर्चा की जाएगी।
वेबिनार में एआई-संचालित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर 'भारत विस्तार' द्वारा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा सत्रों में पशुपालन मूल्य श्रृंखला में निजी क्षेत्र के निवेश और उद्यमिता, मत्स्य पालन के लिए जलाशयों और अमृत सरोवर के एकीकृत विकास, तटीय मत्स्य मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने तथा ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
ग्रामीण परिवर्तन के लिए 'सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर्स-मार्केटिंग एवेन्यूज फॉर रूरल ट्रांसफॉर्मेशन' के माध्यम से ग्रामीण महिला उद्यमियों को नए विपणन अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित