नयी दिल्ली , जनवरी 31 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, महान संत और समाज सुधारक गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पंजाब का दौरा करेंगे और वहां आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण 'श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर' करने के साथ ही राज्य को नागरिक उड्डयन बुनियादी ढांचे की सौगात देंगे।

यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी कल दोपहर करीब पौने चार बजे राज्य के आदमपुर पहुंचेंगे। श्री मोदी अपने इस दौरे में लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे। पंजाब में विमानन बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने की दिशा में यह टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार बनेगा, जिससे लुधियाना और आसपास के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। लुधियाना जिले में स्थित हलवारा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भारतीय वायु सेना केंद्र भी है।

उल्लेखनीय है कि लुधियाना के पुराने हवाई अड्डे का रनवे छोटा था, जो केवल छोटे विमानों की उड़ान के लिए उपयुक्त था। अब हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसका रनवे बड़ा है और यह ए320 जैसे बड़े विमानों के संचालन में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित