जयपुर , दिसंबर 15 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं सहित नेताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इन नेताओं के अलावा कई केन्द्रीय मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा. प्रेम चंद बैरवा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य के कई मंत्री एवं विधायकों सहित अन्य कई नेताओं ने श्री शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्री शर्मा को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि वह राज्य के विकास पथ को गति देने और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद दें।

श्री बिरला ने मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। श्री शाह ने श्री शर्मा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वीरभूमि राजस्थान की विरासतों एवं संस्कृति के संरक्षण तथा प्रदेश में किसानों, महिलाओं, युवाओं के सशक्तीकरण से आप प्रधानमंत्री मोदी के 'सबका साथ, सबका विश्वास' के मंत्र को चरितार्थ कर रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

श्री बागडे ने मुख्यमंत्री शर्मा को उनके जन्मदिन पर फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्हाेंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि सादगी और शुचिता से जुड़े श्री शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा पिछले दो वर्षों में किए कार्यों की सराहना करते हुए जन्मदिन की बधाई और स्वस्तिकामना की।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने आज श्री शर्मा को उनके जन्मदिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

श्री देवनानी ने मुख्यमंत्री के सुदीर्घ, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन और निरंतर प्रगति की शुभकामनायें देते हुए कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके मार्गदर्शन में राज्य में सुशासन, जनकल्याण और आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस जैसे सफल आयोजन ने प्रदेश के विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है। इस आयोजन के माध्यम से प्रवासी भारतीयों एवं राजस्थान के मूल निवासियों का अपने राज्य और देश के प्रति भावनात्मक एवं आर्थिक जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और सुशासन, जनकल्याण तथा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा की कामना की। इसी तरह डाॅ. बैरवा ने श्री शर्मा को राजस्थान के विकास पुरुष एवं कर्मशील मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और सशक्त निर्णयों के कारण राजस्थान निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर अग्रसर है। 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को साकार करने में उनका मार्गदर्शन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर यशस्वी नेतृत्व की मंगलकामना की।

श्री गहलोत ने मुख्यमंत्री शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की। इसी तरह श्रीमती राजे ने भी ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं अपार ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थनी की।

श्री राठौड़ ने श्री शर्मा को मुख्यमंत्री निवास जाकर जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें राजस्थान के विकास को निरंतर नई दिशा देने वाला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में सुशासन और लोककल्याण को समर्पित प्रदेश सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होना हर राजस्थानवासी के लिए गर्व का विषय है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डाू. सतीश पूनियां ने भी श्री शर्मा को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा "आप ऐसे ही अग्रणी राजस्थान के संकल्प को नई मजबूती देते हुए आगे बढ़ते रहे।" उन्होंने ईश्वर से उनके यशस्वी जीवन की मंगल कामना की।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज्य के मंत्रियों एवं विधायकों ने श्री शर्मा को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज पाटिल, गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, प्रहलाद जोशी, भूपेन्द्र यादव, धमेन्द्र प्रधान, पीयूष गोयल, मनोहर लाल खट्टर, जितेन्द्र सिंह, गिरिराज सिंह, एचडी कुमार स्वामी, जी किशनरेड्डी, ज्योतिरादित्य सिंधिया हरदीप सिंह पुरी, किरेन रिजिजू सहित कई मंत्रियों ने श्री शर्मा को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इसी तरह सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी श्री शर्मा को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित