मोतिहारी , फरवरी 14 -- बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि मोतिहारी हवाई अड्डे का विकास और विस्तार करने के साथ उड़ानों की शुरुआत की जाएगी।
श्री चौधरी ने आज बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी में आयोजित लघु एवं सीमांत किसान कार्यशाला सह पशु प्रजनन उत्कृष्टा केंद्र के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोतिहारी हवाई अड्डे के विकास और विस्तार के साथ उसे सक्रिय किया जायेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक बड़ा एयरपोर्ट रक्सौल में बनाने का निर्णय लिया गया है और मोतिहारी के स्थानीय सांसद राधा मोहन सिंह की चिंता थी कि मोतिहारी शहर में बने एयरपोर्ट है का भी विकास और विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से पूर्ण विवरण की मांग की गई है और मोतिहारी शहर में भी पुराने बाद पड़े एयरपोर्ट का विकास बिहार सरकार करेगी।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने संयुक्त रूप से लघु एवं सीमांत किसान कार्यशाला सह पशु प्रजनन उत्कृष्टा केंद्र का उद्घाटन किया।
श्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए केंद्र और बिहार की डबल इंजन की सरकार लगातार कार्य कर रही है। मोतिहारी और चकिया की चीनी मीलों का निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जाये।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश में अपराध नियंत्रण की बात की और और कहा कि अपराधियों जगह अब जेल में है। उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्वों को बिहार में कहीं भी रहने की इजाजत नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित