अलवर , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में मोहल्ला खारवास में गुरुवार को देर रात मोटर साइकिल से गिरने से एक युवक की मौत हो गयी जबकि दो अन्य युवक घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि लादिया मोहल्ला निवासी शिवा गुर्जर (22) अपने दो दोस्तों के साथ परिचित की बुलेट मोटर साइकिल लेकर मोहल्ला खारवास की गली से जा रहा था। तेज रफ्तार से जा रही मोटर साइकल अचानक अवरोधक आने से बेकाबू होकर पास के ही एक मकान की चबूतरे से जा टकराई। इससे तीनों युवक दूर जाकर गिरे।
पुलिस ने बताया कि शिव सिर में चोट आने पर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । अन्य दो साथियों को मामूली चोट आई। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित