भरतपुर , मार्च 22 -- राजस्थान में भरतपुर में रविवार को श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति की तरफ से निकाली गई मोटर साइकिल रैली के दौरान युवकों और पुलिस में हुई कहासुनी और धक्का मुक्की से कुछ देर के लिए तनाव व्याप्त हो गया। बाद में मौके पर मौजूद संजीदा लोगों ने पुलिस और युवकों में बीच बचाव करवाकर मामला शांत कराया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मथुरा गेट पुलिस द्वारा युवाओं को एक मोटर साइकल पर तीन सवारी बिठाने एवं मोटर साइकिल के साइलेंसर से पटाखे फोड़ने पर चालान करने की बात से युवाओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई।
सूत्रों ने बताया कि इस बीच पुलिसकर्मी मोटर साइकिलों के नंबर नोट करने लगे तो युवक भड़क गए। युवकों और पुलिस के बीच मामला शांत होने के बाद रैली शुरू हो सकी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित