नयी दिल्ली , अक्टूबर 18 -- पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक में बेइरा बंदरगाह के पास एक भयानक नौका दुर्घटना में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गयी और पांच अन्य लापता बताये जा रहे हैं।

मोजाम्बिक स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को हुई इस घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक और संवेदना व्यक्त की है।

उच्चायोग ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि दुर्घटना के बाद खोज और बचाव कार्य जारी है। उच्चायोग स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

उच्चायोग ने कहा है कि अधिकारी इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

मिशन के एक कांसुलर अधिकारी बेइरा में हैं और उन्होंने उस भारतीय नागरिक से मुलाकात की है जो दुर्भाग्यपूर्ण नाव दुर्घटना में बच गया था। उसका बेइरा के अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना में पांच अन्य भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित