चंडीगढ़ , मार्च 14 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के तमाम शोर-शराबे और बयानबाजी के विपरीत, आज मोगा में हुई उसकी रैली पंजाब सरकार के समर्थन के बावजूद पूरी तरह से 'फुस्स पटाखा' साबित हुई।
राजा वड़िंग ने कहा, " यह एक आउटसोर्स किया हुआ शो था, जिसमें मेजबान और मेहमान भी बाहर से मंगाये गये थे।"उन्होंने कहा कि इस रैली की 'मेजबानी' आम आदमी पार्टी सरकार ने पूरे समर्थन के साथ की और भीड़ जुटाने के लिए पड़ोसी राज्यों जैसे राजस्थान और हरियाणा (दोनों भाजपा शासित) से लोग लाये गये। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, " भाजपा की पंजाब रैली में कुछ भी 'पंजाबी' नहीं था, क्योंकि सब कुछ आउटसोर्स किया गया था। "प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा की रैली को पंजाब की 'आप' सरकार का 'पूरे दिल से' समर्थन प्राप्त था। उन्होंने इशारा किया कि कैसे पंजाब पुलिस उन लोगों को हिरासत में ले रही थी जिन पर उसे रैली का विरोध करने का शक था। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैली के लिए आप सरकार का यह समर्थन पंजाब के लोगों से छिपा नहीं है, जो पहले से ही जानते हैं कि आप, भाजपा का ही दूसरा रूप है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित