मधुबनी , मार्च 19 -- मधुबनी चित्रकला के कलाकार सह मिथिला चित्रकला संस्थान के कनीय आचार्य प्रतीक प्रभाकर बिहार दिवस समारोह पर मॉरीशस में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मॉरीशस में इस कार्यक्रम के लिए उन्हें बिहार कला एवं संस्कृति विभाग ने चयनित किया गया है। 20, 21 एवं 22 मार्च को मॉरीशस में भारतीय उच्चायोग, मॉरीशस द्वारा आयोजित मधुबनी चित्रकला कार्यशाला में कलाकृतियों का प्रदर्शनी करेंगे।
प्रतिभागियों को मिथिला कला की पारंपरिक तकनीकों,रेखांकन शैली एवं रंग संयोजन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देंगे। प्रतीक प्रभाकर पारंपरिक मधुबनी चित्रकला को आधुनिक संदर्भों से जोड़ते हैं। उनकी कृतियां सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करती हैं। वर्तमान समय के सामाजिक और कलात्मक विमर्श को भी अभिव्यक्त करती हैं। इससे पहले वे लंदन में अपनी कला की प्रदर्शनी लगा चुके हैं। इसके अतिरिक्त उनके कार्यों की प्रदर्शनी अमेरिका के विभिन्न शहरों में भी आयोजित हो चुकी है। उनकी कलाकृतियां देश के कई महत्वपूर्ण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी प्रदर्शित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित