चंडीगढ़ , दिसंबर 27 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को नगर निगम गुरुग्राम द्वारा मॉडल टाउन क्षेत्र में कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रस्तावित सभी विकास कार्यों को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। सरकार विकास को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

राव नरबीर सिंह ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि लोगों द्वारा बताये गये सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉडल टाउन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मंत्री ने मॉडल टाउन को गुरुग्राम का सबसे हरियाली वाला सेक्टर बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हरियाली को बनाये रखना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ सुंदर और विकसित शहर का निर्माण संभव है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से एक बेहतर और विकसित गुरुग्राम का निर्माण किया जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित