मुरैना , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के मुरैना कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज गार्डन से करीब 23 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। विवाह समारोह के दौरान महिला के बैग से जेवरों से भरा बटुआ अचानक गायब हो गया। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन देर रात तक संदिग्ध चोर की पहचान नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार पीपल वाली माता क्षेत्र निवासी जयकुमार शर्मा की बेटी का विवाह समारोह सोमवार को स्थानीय मैरिज गार्डन राधिका पैलेस में आयोजित था। शादी में शामिल होने आई उनकी बड़ी बेटी रचना शर्मा निवासी मेहगांव (भिण्ड) अपने साथ सोने के जेवरों से भरा बटुआ लेकर आई थीं। रचना ने जेवरों की सुरक्षा के लिए वह बटुआ अपनी जेठानी पूनम को दे दिया और पूनम ने उसे अपने बैग में रख लिया।

रात में जब पूनम ने बैग देखा तो उसकी चैन खुली हुई थी और अंदर रखा जेवरों से भरा बटुआ गायब था। बटुए में लगभग 17 से 18 तोला सोने के जेवर रखे थे, जिनमें हार, कंगन सहित अन्य आभूषण शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध चोर की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित