मैनपुरी , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में पुलिस ने 500 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 58 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कुरावली के पास जी.टी. रोड पर वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रक की तलाशी लेने पर भूसे के अंदर छुपाकर रखी गई 500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक सहित शराब को कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि शराब पंजाब से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी। बरामद शराब विभिन्न ब्रांडों की बताई गई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित